सिंगरौली में विकास को नई रफ्तार: 8.41 करोड़ से माजन मोड़–इंद्रा चौक मार्ग का होगा निर्माण

6

सिटी टू विलेज समाचार

माजन मोड़–इंद्रा चौक मार्ग का उन्नयन शहर के विकास की बड़ी उपलब्धि: राज्यमंत्री

माजन मोड़ से इंद्रा चौक तक बनेगा मॉडल रोड, शहर को मिलेगी नई पहचान

सिंगरौली, 2 मई 2026/ नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए माजन मोड़ से इंद्रा चौक तक सड़क निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन राजमाता चून कुमारी स्टेडियम के सामने मुख्य अतिथि राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री रामनिवास शाह, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता के गरिमामय उपस्थिति में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ।जिला खनिज मद प्रतिष्ठान से स्वीकृत लगभग 8.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह शहर का प्रमुख मार्ग है, जिसके उन्नयन से नागरिकों एवं व्यापारियों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी तथा शहर के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी।कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता ने अतिथियों का पुष्पगुच्छों से स्वागत करते हुए परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा बताया कि स्वीकृत राशि का उपयोग सड़क की मजबूती, गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण एवं दीर्घकालीन स्थायित्व सुनिश्चित करने में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण के दौरान सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार सिंगरौली के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सड़क, बिजली एवं जल जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रीय प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सड़क निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा विकास कार्यों में जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने का आग्रह किया।

सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने कहा कि सिंगरौली को एक आधुनिक एवं विकसित जिले के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का तीव्र गति से विकास किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं समय-सीमा का पालन करने पर विशेष बल दिया।उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि उद्योग और व्यापार को भी नई दिशा मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में निवेश के अवसर बढ़ाने के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में और भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में विधायक सिंगरौली श्री रामनिवास शाह ने कहा कि माजन मोड़ से इंद्रा चौक तक का मार्ग शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्ग है, जिसके उन्नयन से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता एवं मजबूती में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को कम से कम असुविधा हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, उन्होंने समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।

महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने इस विकास कार्य के लिए शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम सिंगरौली नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता, सड़क और जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से नगर निगम के कार्यों में सहयोग करने की अपील की।नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने कहा कि हम सब एकजुटता के साथ शहर के विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। मॉडल रोड के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था की जाए।इस अवसर पर पार्षद श्रीमती सीमा जायसवाल, भारतेन्दु पाण्डेय, रामगोपाल पाल, शत्रुघ्न लाल शाह, बंतो कौर, संतोष शाह, आशीष बैस, अनिल बैस, रविन्द्र सिंह, सावनमती कुशवाहा, रुकमन देवी, राजबहादुर, विजय शाह, शिवकुमारी कुशवाहा, राममिलन भारती, सांसद प्रतिनिधि संतोष बर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार दुबे, रावेन्द्र द्विवेदी, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम केशरी, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।