लोक सेवा अधिनियम के अंतर्गत आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किए जाने के दिए निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित’
सिंगरौली, 2 मई 2026/कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा अधिनियम एवं भू-अर्जन से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी उपखंड अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का दो दिवस में निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित राजस्व अधिकारियों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीमांकन, बँटवारा, नामांतरण आदि राजस्व से संबंधित लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना सभी की जिम्मेदारी है।इस संबंध में उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार समय सीमा से बाहर हुए प्रकरणों के निराकरण हेतु आरआई एवं पटवारियों से नियमित समीक्षा करें। अपने निर्धारित समय पर कोर्ट संचालित करें तथा राजस्व प्रकरणों से संबंधित पटवारियों से लिए जाने वाले प्रतिवेदन समय पर प्राप्त कर प्रकरणों का निराकरण कराएं।
कलेक्टर ने लोक सेवा अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार अपने अधीनस्थ आरआई एवं पटवारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करें। यह सुनिश्चित करें कि अधिनियम के अंतर्गत वर्तमान में प्राप्त प्रकरण समय सीमा से बाहर न हों। इसी के साथ सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अतिक्रमण एवं भू-अर्जन से संबंधित प्राप्त आदेशों का कड़ाई से पालन कराएं।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित अन्य राजस्व अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।





