सिंगराली 12 जनवरी / म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के अध्यक्ष श्री अतुल कुमार खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा दिनांक 12.01.2026 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कन्या महाविद्यालय बैढ़न में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मनोरम तिवारी ने स्वामी विवेकानन्द के विचारों से प्रेरित होकर देश के विकास में सहयोग प्रदान करने का आवाह्नन किया। श्री तिवारी ने कहा की स्वामी विवेकानन्द के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनने की प्रेरणा देते हैं। न्यायाधीश ने बताया कि कानून का उद्देश्य केवल दण्ड देना नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को न्याय एवं समानता प्रदान करना है तथा मानव गरिमा की रक्षा करना है। हमारे देश का संविधान स्वामी विवेकानन्द के मानवतावादी दर्शन के पूर्णतः अनुरूप है। शिविर के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, पॉक्सो अधिनियम, ट्रेफिक रुल्स, सायबर सुरक्षा आदि विषयों की विधिक जानकारी दी गई। शिविर में प्राचार्य श्री एम.यू सिद्दकी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अमित शर्मा, विधायक प्रतिनिधि श्री सुरेश गिरी, प्राध्यापक डॉ उमाकान्त सिंह सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय में अध्ययनर्त समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं। विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय युवा सप्ताह के पालन में दिनांक 10.01.2026 को सांदिपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्रवाह में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेष न्यायाधीश (अनुसूचित जाति-अनुसूचितजनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) श्री खालिद मोहतरम अहमद ने विद्यार्थियों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। इस शिविर में सचिव श्री मनोरम तिवारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विशाल रिछारिया, प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार द्विवेदी सहित कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





