जनगणना-2027ः तीसरे दिन व्यावहारिक प्रशिक्षण पर रहा जोर

15

जनगणना-2027ः तीसरे दिन फील्ड कार्य की बारीकियों पर मिला विशेष प्रशिक्षण
सिंगरौली, 17 अप्रैल / शासकीय महाविद्यालय बैढ़न के विज्ञान भवन में आयोजित ‘जनगणना-2027’ के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन का सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख जनगणना अधिकारी (नगरीय) सविता प्रधान गौंड के निर्देशन में आयोजित किया गया।इस दौरान प्रतिभागियों को फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
वहीं जनगणना संचालनालय भोपाल से सिंगरौली के जनगणना अधिकारी श्री हुसैन अली, चार्ज अधिकारी एच.एम. श्रीवास्तव एवं श्री प्रवीण गोस्वामी ने प्रशिक्षण सत्र का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रशिक्षण के दौरान जनगणना अधिकारी बैढ़न जोन एच.एम. श्रीवास्तव ने कहा कि सभी प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को आत्मसात कर त्रुटिरहित जनगणना का कार्य संपादित करें।

तीसरे दिन प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों, प्रपत्रों के सही संधारण तथा डिजिटल डेटा एंट्री में सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निर्धारित सत्र को पूर्ण किया। प्रशिक्षण उपरांत आईडी कार्ड एवं नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।