बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े लूट, फायरिंग कर बदमाश फरार

89

बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े लूट, फायरिंग कर बदमाश फरार

चार पिस्टल व एक कट्टे से लैस पांच बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, इलाके में दहशत

जिला सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के विंध्यनगर रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात सामने आई। पांच नकाबपोश बदमाश चार पिस्टल और एक कट्टा लेकर बैंक में घुसे और फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने बैंक कर्मियों को धमकाते हुए दो बैग में नकदी भरकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी आशीष पांडे ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से बैंक में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और ग्राहक सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए। बदमाशों ने पूरे घटनाक्रम को कुछ ही मिनटों में अंजाम दिया और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। बैंक परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

सिंगरौली जिले में इस तरह की दिनदहाड़े लूट की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।