अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को वैशाली जिले में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, समाज कल्याण विभाग, बिहार महिला विकास निगम तथा जीविका के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना है।
इस अवसर पर महिलाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी दीदियों द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों एवं महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की प्रेरक कहानियों को साझा किया जाएगा। इसके साथ ही कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बिहार महिला विकास निगम द्वारा बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक समानता तथा महिला सुरक्षा जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता से संबंधित विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। यह सम्मान समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान देने और अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रम को प्रभावी और प्रेरणादायी तरीके से आयोजित किया जाए तथा अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन जिले में महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दे सके।





