शक्तिनगर, सोनभद्र।
थाना क्षेत्र शक्तिनगर में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर राखड़ परिवहन किए जाने का गंभीर मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर स्थानीय पत्रकार अमित कुमार द्वारा पूरे गतिविधि की सूचना देने पर एक स्थानीय पत्रकार के साथ गाली-गलौच और धमकी दिए जाने का आरोप भी लगा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
22 दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच पीडब्ल्यूडी मार्ग पर राखड़ परिवहन कर रहे एक ट्रेलर को संदिग्ध अवस्था में नंबर प्लेट बदलते हुए देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पत्रकार द्वारा सूचना दिए जाने के बाद संबंधित ट्रेलर चालक द्वारा कथित रूप से वाहन नंबर BR 03 GB 9534 के माध्यम से ट्रांसपोर्टर विक्रांत को मोबाइल नंबर 7307891289 पर कॉल किया गया। इसके पश्चात इसी नंबर से विक्रांत तथा स्वयं को ब्यूरो चीफ बताने वाले चंद्रमौली मिश्रा द्वारा पत्रकार अमित कुमार के साथ फोन पर गाली-गलौच, अभद्र भाषा और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
प्रेस की गरिमा और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न :
पत्रकार अमित कुमार का कहना है कि एक ओर जहां ओवरलोड राखड़ परिवहन कानून का खुला उल्लंघन है, वहीं दूसरी ओर पत्रकार को डराने-धमकाने की कोशिश प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है। इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि अवैध कारोबार को संरक्षण मिलने की आशंका भी पैदा करती हैं।
थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच की मांग :
पीड़ित पत्रकार अमित कुमार ने थाना प्रभारी शक्तिनगर को लिखित प्रार्थना पत्र देकर फर्जी नंबर प्लेट, ओवरलोड राखड़ परिवह और पत्रकार से अभद्र व्यवहार व धमकी जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और क्या अवैध परिवहन व पत्रकारों के उत्पीड़न पर प्रभावी अंकुश लग पाता है या नहीं।
पूरे मामले की शिकायत डायल 112 पर होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय थाना प्रभारी ने राखड़ परिवहन कर रही दो ट्रेलरों के नंबर प्लेट विसंगति पाए जाने पर उचित ऑनलाइन चालान काटा और पत्रकार के साथ हुए दुर्व्यवहार की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।





