शिक्षा के मंदिर में ज्ञान नहीं, गांजे की पाठशाला

197

सिंगरौली जिले का ताजा खबर

 

सिंगरौली -मकरोहर के शासकीय विद्यालय के शौचालय से दो बोरी गांजा बरामद, शिक्षा विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में

शिक्षा के मंदिर से ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मकरोहर के शासकीय विद्यालय के शौचालय से दो बोरी कथित गांजा बरामद होने की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है।

जिस विद्यालय में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, वहां शौचालय से नशीला पदार्थ निकलना आखिर किस व्यवस्था की कहानी बयां करता है? शायद अब स्कूलों में ‘नशा मुक्ति अभियान’ की पढ़ाई बच्चों से पहले जिम्मेदारों को पढ़ाने की जरूरत है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर विद्यालय परिसर में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पहुंचा कैसे?
क्या जिम्मेदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी?
क्या विद्यालय की निगरानी व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित है?
अब सवाल सिर्फ उन आरोपियों का नहीं है, जिन्हें पुलिस ने पकड़ा है। सवाल उस पूरी व्यवस्था का है, जिसकी नाक के नीचे शिक्षा के मंदिर में नशीला पदार्थ पहुंच गया।
आखिर जिम्मेदारी किसकी है – प्राचार्य की, शिक्षकों की, निगरानी व्यवस्था की या फिर सिर्फ उन आरोपियों की, जिन पर पुलिस कार्रवाई कर रही है?
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी, लेकिन इतना जरूर है कि जहां बच्चों के भविष्य की नींव रखी जानी चाहिए, वहां अगर नशे का सामान मिलने लगे तो इससे बड़ा दुर्भाग्य शिक्षा व्यवस्था के लिए और क्या हो सकता है?