गंगा में स्नान कर रहे किशोर की डूबने से मौत

254

 

 

नरायनपुर/ मिर्जापुर

 

अदलहाट थाना अन्तर्गत रैपुरिया गंगा घाट पर मकर संक्रांति के अवसर पर पिता व चचेरे भाई के साथ स्नान करने आये किशोर की गंगा में डूबने से दर्दनांक मौत हो गयी।सुरक्षा को लेकर गंगा घाट पर तैनात पुलिस कर्मियों के जाते ही घटना लगभग दो बजे घटी।मौके पर बुलाये गये गोताखोरों की टीम ने स्नान घाट से कुछ दूरी पर गंगा से शव को ढूंढ निकाला।

मृतक प्रेयस शर्मा उर्फ अभि शर्मा उम्र 16 वर्ष पुत्र महेंद्र शर्मा ग्राम बेगपुर, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर निवासी अपने पिता महेंद्र शर्मा व चचेरे भाई राज शर्मा के साथ आया था ।गंगा में रस्सी पकड़ कर स्नान कर रहा था, इसी बीच रस्सा हाथ से छूट गया। रस्सी छूटते ही प्रेयस गंगा में डूबने लगा।बाहर बैठे पिता व चचेरा भाई डूबता देख दौड़े तब तक वह गहरे पानी में लापता हो गया।उस समय घाट पर कोई तैराक रहता तो शायद उसे डूबने से बचाया जा सकता था।

जानकारी होते ही नरायनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गयी। गोताखोर को मौके पर बुलाने के पूर्व स्टीमर से घटना स्थल से पम्प कैनाल तक ढूंढने का प्रयास किया।लगभग चार बजे मौके पर पहुंचे गोताखोरों की टीम शव ढ़ूढने में कामयाब रही।

मृतक प्रेयस शर्मा सनबीम स्कूल नरायनपुर में कक्षा ग्यारह का मेघावी छात्र था।दो भाइयों में बड़ा था।माता मनोरमा देवी की मृत्यु एक वर्ष पूर्व रात में हार्ट अटैक के चलते हो गयी थी।उसे तैरना नहीं आता था।पिता पिता महेंद्र शर्मा नेवी मर्चेट में नौकरी करते हैं। फिलहाल ग्रामसभा टेडुआ में मकान बनाकर बेटों के साथ रहते हैं।बेटे की मौत सामने होने से पिता का करुण क्रंदन उपस्थित लोगों को गमगीन कर दे रहा था।छोटा पुत्र व परिजन पिता को ढांढस बंधाने में लगे हुए थे।

नरायनपुर पुलिस आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी होते ही मौके पर सीओ मंजरी राव, प्रभारी निरीक्षक थाना अदलहाट अजय सेठ, राजस्व विभाग से लेखपालों की टीम पहुंच गई थी।