थाने की पुलिस को दरकिनार कर नगर पुलिस अधीक्षक और रक्षित निरीक्षक की अगुवाई में बनी अलग टीम कर रही कार्रवाई, ठेकेदारों से लेकर स्थानीय पुलिस की भूमिका भी जांच के दायरे में
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब की पैकारी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने अब सख्त रुख अपना लिया है। बैढ़न शहर की गली-मोहल्लों से लेकर किराना दुकानों तक कथित तौर पर चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। करीब 10 से 12 स्थानों पर अवैध रूप से बेची जा रही शराब पकड़ी गई और उसे जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई की सबसे अहम बात यह है कि पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय थानों की टीम पर निर्भर रहने के बजाय अलग विशेष टीम गठित की है। नगर पुलिस अधीक्षक और रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में रक्षित केंद्र एवं पुलिस लाइन के स्टाफ को इस अभियान में लगाया गया है। यानी अब उन इलाकों में भी सीधे कार्रवाई हो रही है, जहां लंबे समय से अवैध शराब की पैकारी की शिकायतें मिल रही थीं।
शहर में लाइसेंसी शराब दुकानों के आसपास कथित तौर पर ठेकेदारों के नेटवर्क के जरिए अवैध बिक्री और पैकारी का कारोबार संचालित होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। हैरानी की बात यह है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में भी इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें पुलिस अधीक्षक तक पहुंच रही थीं। ऐसे में स्थानीय थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
पुलिस अधीक्षक की इस सीधी कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों, ठेकेदारों और उन पुलिसकर्मियों में भी बेचैनी है, जिनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अवैध पैकारी का यह नेटवर्क किनके संरक्षण में फल-फूल रहा था? क्या लाइसेंसी दुकानों से ही अवैध बिक्री का रास्ता खुल रहा था और क्या स्थानीय स्तर पर इसकी अनदेखी की जा रही थी?
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई ने अवैध शराब कारोबारियों में दहशत पैदा कर दी है। लेकिन असली परीक्षा तब होगी, जब इस नेटवर्क के बड़े चेहरों के साथ-साथ यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई होगी। सवाल सिर्फ अवैध शराब पकड़ने का नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम को बेनकाब करने का है, जिसकी कथित अनदेखी में यह कारोबार फलता-फूलता रहा।






