बड़गड़ शासकीय हाई स्कूल में तीसरी बार चोरों ने चोरी का अंजाम दिया 

69

बड़गड़ शासकीय हाई स्कूल में तीसरी बार चोरों ने चोरी का अंजाम दिया 

 

प्रिंसिपल एस.के. साकेत ने दी जानकारी, थाने में सूचना के बावजूद निरीक्षण नहीं होने का आरोप

 

जिला सिंगरौली। सिंगरौली जिला के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़गड़ स्थित शासकीय हाई स्कूल बड़गड़ में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर को निशाना बनाते हुए बिजली का लगभग 50 मीटर केबल काटकर चोरी कर लिया। लगातार तीसरी बार चोरी की घटना सामने आने से विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

 

18 सितंबर की रात हुई चोरी

 

विद्यालय के प्रिंसिपल एस.के. साकेत द्वारा बताया गया कि बीते 18 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर से लगभग 50 मीटर बिजली का केबल काटकर चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में यह चोरी की तीसरी घटना है। बार-बार चोरी होने से विद्यालय की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।

 

थाने में सूचना देने के बाद भी नहीं हुआ निरीक्षण

 

प्रिंसिपल एस.के. साकेत के अनुसार, चोरी की घटना की सूचना माड़ा थाने में दी गई थी, लेकिन सूचना देने के बावजूद पुलिस द्वारा विद्यालय परिसर का निरीक्षण नहीं किया गया। इस बात को लेकर विद्यालय प्रबंधन में नाराजगी है।

 

रात में पुलिस गश्त पर उठे सवाल

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से चोरी की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सरकारी विद्यालय को बार-बार निशाना बनाया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

आखिर कब तक होती रहेंगी चोरी की घटनाएं?

 

जब एक ही विद्यालय में लगातार तीन बार चोरी की घटना हो चुकी है, तो विद्यालय की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कदम उठाना जरूरी है। आखिर चोरों पर कार्रवाई कब होगी? सरकारी विद्यालयों की संपत्ति की सुरक्षा कौन करेगा?

विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना की जांच कर चोरों की पहचान की जाए, चोरी गए केबल की बरामदगी की जाए और क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और शासकीय हाई स्कूल बड़गड़ में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कब रोक लगती है।