जिला पदाधिकारी वैशाली द्वारा महुआ में विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण

44

 

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज

 

जिला पदाधिकारी, वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा महुआ प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का विस्तृत एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना था।

 

निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम महुआ डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही योजना से संबंधित शिलापट्ट को अविलंब स्थापित करने तथा महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं रख-रखाव की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

 

इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा महुआ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में विद्युत कनेक्शन शीघ्र स्थापित कराने तथा ओपीडी सेवा को यथाशीघ्र प्रारंभ करने हेतु संबंधित एजेंसी एवं विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही ओपीडी संचालन के लिए आवश्यक सभी सामग्री को तत्काल अधिष्ठापित करने पर भी बल दिया गया।

 

जिला पदाधिकारी द्वारा वाया नदी उड़ाही कार्य का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध किनारे समतलीकरण कार्य को पूर्ण करने तथा शेष अवशेष कार्यों को बिना विलंब समाप्त करने हेतु संबंधित एजेंसियों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया।

 

इन महत्वपूर्ण विकासात्मक योजनाओं के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।