धान अधिप्राप्ति एवं किसानों को ससमय भुगतान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

45

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज

 

धान अधिप्राप्ति में तेजी के लिए जिला प्रशासन सख्त, 48 घंटे के भीतर भुगतान अनिवार्य, पैक्स को अधिकतम क्रय के निर्देश

 

खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के अंतर्गत वैशाली जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों—जिला सहकारिता पदाधिकारी, वैशाली, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, वैशाली तथा जिला प्रबंधक, खाद्य आपूर्ति निगम—को आवश्यक एवं सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

 

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि धान अधिप्राप्ति राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण किसान-कल्याणकारी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों, को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराना है। इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

अब तक जिले में लगभग 1000 किसानों से करीब 6000 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है। इस उपलब्धि को और अधिक गति देने के लिए सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पैक्सों के माध्यम से अधिकतम धान क्रय सुनिश्चित करें तथा लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता दें।

 

जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि अधिप्राप्त धान के विरुद्ध किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा तथा इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।

 

अधिप्राप्ति केंद्रों पर पारदर्शिता, सुचारु संचालन एवं किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया है कि किसानों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित किया जाएगा।

 

उल्लेखनीय है कि इसी उद्देश्य से हाल ही में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें धान अधिप्राप्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित हितधारकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

 

जिला प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा वैशाली जिले में धान अधिप्राप्ति अभियान को सफल बनाने हेतु निरंतर, समन्वित एवं सघन प्रयास कर रहा है।