आपदा के समय सर्वप्रथम सहायता करने वाली सशक्त टोली हैं युवा आपदा मित्र”- जिला पदाधिकारी
अविनाश रंजन की रिपोर्ट
बिहार, वैशाली सिटी टू विलेज 
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़े स्वयंसेवकों हेतु युवा आपदा मित्र सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 11 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक स्काउट भवन, हाजीपुर में किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन और आपदा किट वितरण के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवा आपदा मित्र समाज की वह सशक्त टोली है, जो किसी भी आपदा के समय सबसे पहले सहायता के लिए आगे आती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा न केवल स्वयं सुरक्षित रहते हैं, बल्कि वे पूरे समुदाय को आपदा से सुरक्षित रखने की क्षमता विकसित करते हैं। यह प्रशिक्षण युवाओं में नेतृत्व, तत्परता और सेवा-भाव को मजबूत बनाता है।
जिला पदाधिकारी ने आगे कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण जिले को आपदा-रोधी बनाने और जन-सहभागिता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन द्वारा इस योजना के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम, इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा, खोज एवं बचाव, आग से सुरक्षा, सीपीआर, बाढ़ प्रबंधन, भूकंप प्रबंधन सहित विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों का सघन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें वैशाली और समस्तीपुर जिले के स्काउट-गाइड स्वयंसेवक प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज द्वारा किया गया।





