डिजिटल क्रॉप सर्वे को मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश, जिलाधिकारी वैशाली की सख्त मॉनिटरिंग

96

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में जिले में संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) कार्य की अद्यतन समीक्षा की गई।

 

जिले में कुल 5,98,372 प्लॉट चिन्हित हैं। अब तक 1,43,906 प्लॉट का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों को निर्देश दिया कि शेष प्लॉटों के सर्वेक्षण में और तेजी लाते हुए प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

 

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि कृषि योजनाओं की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं लक्षित क्रियान्वयन की आधारशिला है। सर्वेक्षण कार्य मोबाइल ऐप आधारित GPS प्रणाली से किया जा रहा है, जिसमें जियो-रेफरेंस्ड नक्शों के माध्यम से प्रत्येक खेत की सीमा, रकबा एवं फसल विवरण डिजिटल रूप से अंकित किया जा रहा है। अपलोड किए गए फोटो एवं विवरण का सुपरवाइजर स्तर पर नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि इस सर्वे के माध्यम से वास्तविक किसान, भूमि का सही रकबा, फसल का प्रकार एवं उसकी स्थिति का प्रमाणिक डेटा उपलब्ध होगा, जो भविष्य में फसल बीमा, अनुदान, आपदा राहत एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) सहित विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा।

 

सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित कर्मियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा मिशन मोड में इस कार्य को समयसीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय किया जा रहा है।