सभी बैंक योग्य लाभार्थियों को महत्वपूर्ण योजनाओं से जोड़े एवं योजना का लाभ प्रदान करे : जिलाधिकारी

93

 

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ

 

बिहार वैशाली सिटी टू विलेज

 

दिनांक 12 दिसम्बर 2025 को जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की सितम्बर तिमाही समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार हाजीपुर में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में वैशाली जिले में कार्यरत सभी राष्ट्रीयकृत, निजी, क्षेत्रीय ग्रामीण एवं सहकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

बैठक में बैंकों द्वारा सितम्बर तिमाही में प्राप्त लक्ष्यों की प्रगति, तथा विभिन्न वित्तीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडी रेशियो (Credit-Deposit Ratio) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोदया ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले का सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम है, जो जिले के आर्थिक विकास के लिए बाधक हो सकता है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे ऋण वितरण में वृद्धि लाते हुए प्रदर्शन में सुधार सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी महोदया ने इस बात पर भी असंतोष व्यक्त किया कि कुछ बैंकों के अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने सभी बैंकों को भविष्य में अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने पीएमईजीपी (प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम) के लाभुकों को स्वीकृत ऋण राशि का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु बैंकों को निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक को बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए साप्ताहिक रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी महोदया ने विशेष रूप से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित निम्न योजनाओं में तेजी लाने पर बल दिया:

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY)

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)

अटल पेंशन योजना (APY)

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi)

 

उन्होंने बैंकों से आग्रह किया कि अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जोड़ते हुए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए ताकि आमजन इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।जिलाधिकारी महोदया ने कृषि क्षेत्र एवं एमएसएमई (MSME) क्षेत्र में ऋण प्रवाह को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैंकों को ऋण स्वीकृति (sanction) के साथ-साथ उसके वास्तविक वितरण (disbursement) पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

 

बैठक का संयोजन श्रीमती रेनू सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), वैशाली द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री संजय कुमार, अपर समाहर्ता, वैशाली,

श्री तन्या अग्रवाल, प्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक, पटना,श्री निलेश कुमार, सहायक महाप्रबंधक, नाबार्ड, पटना, श्री अनुज कुमार, निदेशक, रूडसेट संस्थान हाजीपुर, तथा जिले के सभी बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसी अवसर पर जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में RUDSETI जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक भी आयोजित की गई। रूडसेटी संस्थान, हाजीपुर के निदेशक श्री अनुज कुमार ने संस्थान की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2025–26 में निर्धारित 1000 प्रशिक्षुओं के लक्ष्य के विरुद्ध नवंबर 2025 तक 748 युवक-युवतियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिनमें से 70% से अधिक प्रशिक्षु स्व-रोजगार से जुड़ चुके हैं।