मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना 25 जून तक जिले के संवेदनशील ग्रामों में चलाया जाएगा विशेष जनजागरूकता अभियान
सिंगरौली, 13 जून 2026। जिले को वर्ष 2030 तक मलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया निरोधक माह जून के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर ने मलेरिया, डेंगू एवं अन्य वाहक जनित रोगों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु मलेरिया जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ठाकुर ने कहा कि आगामी वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए मलेरिया के संक्रमण को रोकना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। मलेरिया जागरूकता रथ के माध्यम से ग्राम स्तर पर लोगों को रोग के कारणों, लक्षणों, उपचार एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे समय रहते सावधानी बरत सकें और जिले को मलेरिया मुक्त बनाने के अभियान में सहभागी बन सकें।
जिला मलेरिया अधिकारी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि मलेरिया जागरूकता रथ 25 जून 2026 तक जिले के मलेरिया प्रभावित एवं संवेदनशील ग्रामों, हाट-बाजारों तथा मेलों में भ्रमण करेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी देगी तथा घर-घर पहुंचकर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करेगी।अभियान के अंतर्गत नागरिकों को घर एवं आसपास जलभराव नहीं होने देने, अनुपयोगी बर्तनों, टायरों, मटकों एवं बोतलों को उल्टा रखकर साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने तथा मच्छर भगाने वाले उत्पादों का प्रयोग करने की सलाह दी जाएगी। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि बुखार आने पर 24 घंटे के भीतर आशा कार्यकर्ता अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में रक्त जांच अवश्य कराएं, क्योंकि समय पर जांच एवं उपचार से मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से बैढ़न, चितरंगी, देवसर, सरई, बरगवां, माड़ा सहित जिले के अनेक ग्रामों एवं हाट-बाजार क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर मलेरिया उन्मूलन का संदेश पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





