देवसर बाजार में सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, कई होटलों में भीषण आग लाखों का सामान जलकर खाक
जिला सिंगरौली/देवसर बाजार में घरेलू गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई होटल इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग की लपटों ने होटलों में रखे सामान को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर फटने के बाद बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। घटना में कई होटलों का फर्नीचर, खाद्य सामग्री तथा अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि आग पर काफी हद तक काबू पाए जाने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंचने पर नाराजगी भी जताई।





