काशीवासियों को बड़ी सौगात: अब बिना लंबी लाइन के होंगे बाबा कालभैरव के दर्शन
जिला वाराणसी। काशी के कोतवाल माने जाने वाले बाबा कालभैरव के दर्शन के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं को अब घंटों कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने काशीवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत स्थानीय निवासी निर्धारित समय में बिना लंबी प्रतीक्षा के बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

मंदिर प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह नई व्यवस्था आगामी सावन माह से लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6 बजे तक का समय विशेष रूप से वाराणसी के स्थानीय निवासियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान काशीवासी अपना आधार कार्ड दिखाकर सीधे मंदिर परिसर में प्रवेश कर बाबा कालभैरव के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि सावन और अन्य विशेष अवसरों पर बाबा कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे स्थानीय लोगों को भी दर्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। नई व्यवस्था का उद्देश्य काशीवासियों को भीड़भाड़ और लंबी कतारों से राहत प्रदान करना तथा उन्हें सुगमता से दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।

इस निर्णय का स्थानीय श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे नियमित रूप से दर्शन करने वाले काशीवासियों को काफी सुविधा मिलेगी और मंदिर में दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।





