बिना वजह सुरक्षा कर्मियों को नौकरी से निकालने का आरोप, परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी पर उठे सवाल

55

बिना वजह सुरक्षा कर्मियों को नौकरी से निकालने का आरोप, परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी पर उठे सवाल

 

आरके रोड लाइन ट्रांसपोर्ट के सुलियारी से गजरा-बहरा मार्ग पर तैनात थे सुरक्षा कर्मी और सुपरवाइजर, कर्मचारियों ने एजेंसी संचालकों से मांगा जवाब

 

जिला सिंगरौली। सुलियारी से गजरा-बहरा तक आरके रोड लाइन ट्रांसपोर्ट द्वारा किए जा रहे परिवहन कार्य के तहत सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी पर कर्मचारियों को कथित तौर पर बिना उचित कारण नौकरी से निकालने के आरोप लगे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी के अंतर्गत काफिले में गार्ड और सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत कुछ कर्मचारी लंबे समय से सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ कर्मचारी इससे पहले भी दूसरी कंपनियों के माध्यम से इसी कार्यक्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

आरोप है कि परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी के संचालकों ने अचानक इन कर्मचारियों को काम से हटा दिया। जब संबंधित कर्मचारियों ने एजेंसी संचालकों से नौकरी से निकाले जाने का कारण पूछा तो कथित तौर पर अंबुज मिश्रा और राघवेश मिश्रा ने बताया कि आरके साइट हेड अमन सिन्हा के आदेश पर उन्हें कार्य से हटाया गया है।

इस जवाब के बाद कर्मचारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उनका सवाल है कि यदि उनके कार्य में कोई कमी थी तो उन्हें इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई और बिना स्पष्ट कारण बताए रोजगार से वंचित क्यों किया गया?

मामले में अब यह सवाल भी उठ रहा है कि सुरक्षा एजेंसी ने अपने स्तर पर कर्मचारियों को हटाने का निर्णय लिया या फिर इसके पीछे ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारियों का कोई निर्देश था। फिलहाल संबंधित कर्मचारियों और एजेंसी के बीच हुई बातचीत के आधार पर पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

बताया गया है कि सुरक्षा कर्मियों और सुपरवाइजरों से इस संबंध में बातचीत कर उनका पक्ष भी जाना जाएगा, ताकि नौकरी से हटाए जाने के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।