प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में ABVP का प्रदर्शन, छात्र समस्याओं के समाधान की मांग
जिला सिंगरौली। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, बैढ़न में विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं महाविद्यालय परिसर में एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, छात्राओं के लिए सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन लगाने, परिसर में राजनीतिक कार्यक्रमों पर नियंत्रण, बस सुविधा बढ़ाने तथा नई बिल्डिंग के चारों ओर बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा पुस्तकालय में नई पुस्तकों की उपलब्धता, कैंटीन संचालन में सुधार, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, APS सेंटर की स्थापना और पेयजल की गुणवत्ता सुधारने की मांग भी उठाई गई। परिषद का कहना है कि पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ABVP विभाग संयोजक निखिल वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो परिषद व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





