तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा ने कन्या छात्रावास का निरीक्षण स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का निरीक्षण
जिला सिंगरौली///कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल के निर्देशन में जिले के सभी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसी क्रम में तहसील सरई स्थित शासकीय कन्या छात्रावास का निरीक्षण तहसीलदार श्री चंद्रशेखर मिश्रा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि छात्रावास का भवन नवीन एवं सुव्यवस्थित है। 50 सीटर क्षमता वाले छात्रावास में 45 छात्राएं उपस्थित, 4 छात्राएं अवकाश पर तथा 1 छात्रा अनुपस्थित पाई गई। पेयजल, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। वार्डन सावित्री सिंह को मीनू के अनुसार भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
नवीन भवन होने से विद्युत आपूर्ति समुचित पाई गई। हालांकि कंप्यूटर एवं रोटी बनाने की मशीन खराब पाई गई, जिनकी शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। छात्राओं के शयनकक्ष स्वच्छ तथा बिस्तर की स्थिति उत्तम पाई गई।

छात्राओं से अध्ययन संबंधी जानकारी लेने पर बताया गया कि विद्यालय में ही अध्ययन कराया जाता है, छात्रावास में अतिरिक्त अध्यापन की व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सुझाव दिए गए।
बाथरूम व टॉयलेट सामान्य रूप से स्वच्छ पाए गए। एक स्थान पर सफाई में सुधार हेतु निर्देशित किया गया। छात्राओं के साप्ताहिक स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त गद्दे एवं बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
छात्राओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रावास के सामने ही खेलकूद एवं व्यायाम हेतु बाहरी जिम (ओपन जिम) की मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनका उपयोग करके छात्राएं नियमित व्यायाम कर स्वस्थ रह सकती हैं।
इन सभी व्यवस्थाओं एवं निर्देशों से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक बच्ची एक सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण में अपना भविष्य संवार सके।





