सड़क सुरक्षा अभियान और रिकॉर्ड राजस्व संग्रह में बेहतर प्रदर्शन के बाद मिली पदोन्नति, सिंगरौली आरटीओ चेक पोस्ट पर ही रहेंगी पदस्थ
सिंगरौली। सड़क सुरक्षा और शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली आरटीओ चेक पोस्ट सिंगरौली की प्रभारी संगीता मरावी को परिवहन उप निरीक्षक से पदोन्नत कर परिवहन निरीक्षक बनाया गया है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए पदोन्नति के बाद भी उनकी पदस्थापना सिंगरौली आरटीओ चेक पोस्ट पर यथावत रखी है।
मात्र तीन माह के कार्यकाल में संगीता मरावी ने सड़क सुरक्षा और परिवहन अनुशासन को मजबूत करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ‘सुरक्षित सफर-जनजागरूकता अभियान’ चलाया। इसके तहत व्यावसायिक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने, यात्री बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कराई।
उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बिना कर, बिना फिटनेस, ओवरलोड, बिना वैध दस्तावेज और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। इस अभियान से न केवल परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित हुआ, बल्कि कर एवं शास्ति की वसूली में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिसे विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पदोन्नति के अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर की मौजूदगी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने संगीता मरावी के कंधों पर परिवहन निरीक्षक के स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि यह पदोन्नति उनकी ईमानदारी, मेहनत और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम है। समारोह में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सड़क सुरक्षा, परिवहन अनुशासन और राजस्व संग्रह के क्षेत्र में सिंगरौली नए मानक स्थापित करेगा।





