अवैध संबंध के शक में बेटे ने की पिता की हत्या, जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कूंचा और ब्लेड से रेता गला

54

अवैध संबंध के शक में बेटे ने की पिता की हत्या, जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कूंचा और ब्लेड से रेता गला

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सब्जी विक्रेता राजदेव सिंह की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके बेटे रवि कुमार ने ही की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, रवि कुमार अपने पिता के कथित अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने हत्या की साजिश रची। 29 मई को वह अपने पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल में ले गया। वहां सुनसान स्थान पर पहले उन्हें काबू किया, फिर पत्थर से सिर पर हमला किया और बाद में सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ब्लेड, खून से सना पत्थर और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले के खुलासे को म्योरपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।