अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज
वैशाली जिले में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई और अनुकरणीय पहल की है। जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के सशक्त नेतृत्व में आयोजित जनता दरबार आम नागरिकों के लिए एक विश्वसनीय एवं प्रभावी मंच के रूप में स्थापित हो चुका है।
समाहरणालय परिसर में प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से आयोजित जनता दरबार में जून 2025 से अब तक कुल 1427 परिवादों पर जिला पदाधिकारी द्वारा स्वयं व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की गई है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक परिवाद का 07 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करते हुए कार्रवाई प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए।
जनसमस्याओं के समाधान को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायत स्तर पर भी जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महनार प्रखंड के राज करनौती ग्राम पंचायत सरकार भवन में आयोजित जनता दरबार में कुल 311 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 97 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई। यह उपलब्धि जिला पदाधिकारी की सक्रिय निगरानी, स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं प्रशासनिक तत्परता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इसी कड़ी में भगवानपुर प्रखंड के मांगनपुर पंचायत में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की सीधी एवं प्रभावी पहुँच सुनिश्चित की गई। विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इसी प्रकार जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज चकठकुर्सी कुसियारी में आयोजित जनता दरबार में भी अनेक आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष, विश्वास एवं प्रशासन के प्रति सकारात्मक भाव उत्पन्न हुआ।
पंचायत स्तरीय जनता दरबार के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया तथा लाभुकों को स्वयं चश्मा पहनाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया गया। इसके अतिरिक्त कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा कार्य करने के इच्छुक मजदूरों को मनरेगा जॉब कार्ड भी वितरित किए गए। साथ ही ग्रामीणों से अन्य समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अविलंब समाधान हेतु निर्देशित किया गया।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की इस प्रभावी एवं जन-केंद्रित पहल से जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। जनता दरबार के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जनता की समस्याओं का समाधान मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





