अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के प्रभावी नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में जीविका कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2025 में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की गई हैं। वर्तमान में वैशाली जिले में जीविका के अंतर्गत 42,810 स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन एवं 62 संकुल स्तरीय संघ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा 18 अप्रैल 2025 को हरी झंडी दिखाकर महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना तथा समुदाय की वास्तविक अपेक्षाओं के अनुरूप समाधान सुनिश्चित करना था। जिला पदाधिकारी के निर्देशन में 21 संवाद रथों के माध्यम से जीविका संपोषित ग्राम संगठनों में कुल 2,468 महिला संवाद कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों में 4,25,022 जीविका दीदियों एवं 74,133 गैर-जीविका महिलाओं ने भाग लिया। संवाद के माध्यम से कुल 72,008 आकांक्षाएँ संकलित की गईं, जिनमें वृद्धा पेंशन में वृद्धि, सामुदायिक भवनों का निर्माण एवं निःशुल्क बिजली जैसी प्रमुख माँगें शामिल थीं। सभी संकलित आकांक्षाओं को जिलाधिकारी के महिला संवाद पोर्टल लॉगिन के माध्यम से संबंधित विभागों से मैप कराते हुए निष्पादन की दिशा में ठोस कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (MMRY)
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना प्रारंभ की गई। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का उद्यम शुरू करने हेतु ₹10,000 की प्रथम किस्त प्रदान की जानी है। जिला वैशाली में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए 333 भुगतान एडवाइस के माध्यम से 5,00,410 महिलाओं के बैंक खातों में ₹10,000 की राशि का सीधा अंतरण किया गया, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में सशक्त आधार मिला।
रोजगार मेला
वर्ष 2025 के दौरान जीविका, वैशाली द्वारा प्रखंड बिदुपुर, गोरौल, वैशाली एवं हाजीपुर में कुल चार रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया गया। इन रोजगार मेलों में कुल 6,231 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से अब तक 1,294 युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त हुआ है। यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई है।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में जीविका के माध्यम से संचालित ये सभी पहलें न केवल महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन को गति दे रही हैं, बल्कि वैशाली जिले को सामाजिक एवं आर्थिक विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।





