स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने नगर निगम की सतत कार्यवाही

143

 

घर-घर जाकर पानी के सैम्पल लेकर की जा रही गुणवत्ता जांच

स्व-सहायता समूह की महिलाओं को जल परीक्षण का दिया गया प्रशिक्षण

सिंगरौली, 15 जनवरी सिटी टू विलेज न्यूज़

नगर निगम सिंगरौली द्वारा स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्र में निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जलप्रदाय टंकियों की नियमित सफाई के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

आज नगर निगम की टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 33 में अनिल बंसल के निवास, वार्ड क्रमांक 21 में सुरेश कुशवाहा के निवास, वार्ड क्रमांक 22 में कमलेश सिंह के निवास, वार्ड क्रमांक 1 में पार्वती कुमारी के निवास तथा वार्ड क्रमांक 8 में मनोज सोनी के निवास से पेयजल के सैम्पल लेकर गुणवत्ता जांच की गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से जल की शुद्धता सुनिश्चित करने एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

इसके अतिरिक्त नगर निगम सभागार में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को पेयजल की जांच (टेस्टिंग) हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया। महिलाओं को समूह के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच कार्य में सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने बताया कि नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से जलप्रदाय टंकियों की सफाई, निरीक्षण एवं घरों से पेयजल के सैम्पल की जांच कराई जा रही है, ताकि नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही पाइपलाइन एवं जल वितरण प्रणाली की भी सतत निगरानी की जा रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल नगर निगम को सूचित करें, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके।