बिना ढके वाहनों से सड़कों पर बिखर रही राख, ग्रामीणों ने
प्रशासन और प्रदूषण विभाग से कार्रवाई की मांग की
सिटी टू विलेज समाचार
संवाददाता
सिंगरौली । बंधौरा पावर प्लांट से फ्लाई ऐश लाकर इन दिनों जोगियानी ग्राम में गड्ढे भरने के लिए डाली जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार यह फ्लाई ऐश चंद्र प्रताप विश्वकर्मा द्वारा पंचायत से एनओसी लेकर गिराई जा रही है, लेकिन इसके परिवहन में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले हाईवा और अन्य वाहनों को व्यवस्थित तरीके से ढका नहीं जा रहा है। इसके चलते रास्ते में बड़ी मात्रा में राख गिर रही है और पूरे मार्ग पर धूल व फ्लाई ऐश फैलने से प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। सड़क से पैदल गुजरने वाले स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों और होटलों के आसपास भी राख के कारण प्रदूषण बढ़ने की शिकायत ग्रामीणों ने की है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि फ्लाई ऐश परिवहन में लगे कुछ हाईवा ओवरलोड चल रहे हैं। उनका कहना है कि यदि वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुसार ढककर और नियमों के तहत संचालित किया जाए तो प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण विभाग से मांग की है कि जोगियानी में हो रहे फ्लाई ऐश परिवहन की जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं वाहन संचालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदूषण पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों और स्थानीय संगठनों का कहना है कि फ्लाई ऐश परिवहन नियमों के अनुसार होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि नियमों की अनदेखी जारी रही तो प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही परिवहन व्यवस्था की जांच के लिए आरटीओ को भी मौके पर बुलाने की मांग की जाएगी, ताकि ओवरलोडिंग और फ्लाई ऐश परिवहन के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।






