महाशिवरात्रि पर बाबा बटेश्वर नाथ धाम, पानापुर बसतपुर में दो दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ

78

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में भव्य आयोजन, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध

 

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पानापुर बसतपुर स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा बटेश्वर नाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ बिहार सरकार के ऊर्जा,वित्त,योजना एवं विकास विभाग सह प्रभारी मंत्री, वैशाली, श्री विजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। यह आयोजन जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा रहा है।

 

कार्यक्रम में माननीय मंत्री श्री विजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महनार विधायक श्री उमेश सिंह कुशवाहा एवं राजापाकर विधायक श्री महेंद्र राम विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत अनुमंडल पदाधिकारी (महुआ) श्री विवेक चंद्र पटेल द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया, जबकि राजापाकर विधायक का स्वागत जंदाहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार ने किया। इस अवसर पर डीसीएलआर महुआ सुश्री खुशबू पटेल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बाबा बटेश्वर नाथ धाम क्षेत्र की आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक समरसता सुदृढ़ होती है तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलता है।

 

विशिष्ट अतिथि श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महाशिवरात्रि का यह आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम है और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। वहीं श्री महेंद्र राम ने जिला प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन एवं सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाते हैं।

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं यातायात नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

मेले के प्रथम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका प्रिया मल्लिक एवं अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी जबकि द्वितीय दिवस सुप्रसिद्ध कलाकार शिखा राजपूत एवं अमर आनंद अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे। इसके अतिरिक्त बिहार के प्रसिद्ध लोकनृत्य — झिझिया, झूमर, मसान होली, राधा-कृष्ण होली, शिव विवाह एवं शिव बारात — की भव्य प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएँगी, जो आयोजन को भक्तिमय एवं सांस्कृतिक वातावरण प्रदान करेंगी।

 

जिला प्रशासन इस आयोजन को ऐतिहासिक, सुरक्षित एवं सफल बनाने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।