कलेक्टर पुलिस अधीक्षक सहित जिलाधिकारी विद्यालयो में पहुचकर छात्रों की लेगे क्लास

60

सिंगरौली 1 अप्रैल, जिले के शासकीय विद्यालयों में इस बार का ’प्रवेशोत्सव’ कुछ खास होने वाला है। आगामी 4 अप्रैल को जिले के आला अधिकारी क्लासरूम में ब्लैकबोर्ड के पास नजर आएंगे। मुख्यमंत्री के सान्निध्य में आयोजित ’स्कूल चले हम अभियान 2026’ के तहत जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल की है।कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को जिले के बड़े अधिकारी अलग-अलग स्कूलों में जाकर बच्चों को एक पीरियड तक पढ़ाएंगे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनका मार्गदर्शन करना है।
जारी आदेश के अनुसार कलेक्टर स्वंय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वैढ़न में छात्राओं को जीवन के पाठ पढ़ाएंगे। तथा पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विन्ध्यनगर में बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। वही वन मण्डल अधिकारी अखिल बंसल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक वैढ़न में अपनी क्लास लेंगे। जारी आदेश के अनुसार नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जयंत में विद्यार्थियों से रूबरू होंगी।प्रवेशोत्सव के इस महा-अभियान में जिलाधिकारियों सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ से लेकर महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी तक शामिल हैं, जो जिले के दूर-दराज के स्कूलों में जाकर बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे। ज्ञात हो कि राज्य स्तरीय ’प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक चलेगा, जिसके अंतिम दिन ये ’खास गुरुजी’ अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।