सिंगरौली 13 जनवरी / मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक बर्दी मेले की तैयारियों का आज कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपखंड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की गई । उन्होंने मेले में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने मेले के तैयारियो को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुविधा का ध्यान रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि बर्दी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है और इसे सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा विलेज टूरिज्म , होम स्टे , कैंपिंग जैसे पर्यटन के नए आयामों को महिला स्व सहायता समूह एवं स्थानीय नागरिकों की मदद से विकसित करने के भी निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के संज्ञान में यह तथ्य भी आया कि वर्दी किला परिसर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि इसे सही ढंग से विकसित किया जाए तो इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर बनेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा करके किला परिसर के विकास, संरक्षण , सुंदरता एवं रख रखाव के संबंध में महिला स्वयं सहायता समूह एवं स्थानीय नागरिकों का समायोजन किया जायेगा। इससे वर्दी किला परिसर आगामी समय में पर्यटन स्थल के रूप में व्यवस्थित एवं विकसित हो सकेगा। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी चितरंगी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





