भोजपुरी स्टार रितेश पांडेय ने छोड़ा प्रशांत किशोर का साथ, जन सुराज से दिया इस्तीफा

120

पटना: भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार और जन सुराज पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़ने वाले रितेश पांडेय ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है. टिकट मिलने और चुनाव लड़ने का मौका देने के लिए उन्होंने प्रशांत किशोर और पार्टी का आभार जताया है.

रितेश पांडेय का जन सुराज से इस्तीफा: रितेश पांडेय ने कहा कि उन्होंने जन सुराज पार्टी से जुड़कर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा. हालांकि परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा लेकिन फिर भी उनको इसका अफसोस नहीं है. उन्होंने ईमानदारी से अपना काम किया और आगे भी इसे जारी रखेंगे.

क्या बोले रितेश पांडेय?: भोजपुरी स्टार ने कहा कि एक किसान का बेटा होने के बावजूद लोगों ने उनको इतना प्यार दिया, जिसकी बदौलत वह इतना आगे बढ़ पाए लेकिन राजनीतिक दल में जुड़े रहते हुए उनके लिए आम लोगों की सेवा कर पाना मुश्किल होगा. लिहाजा वह जन सुराज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं. इस दौरान रितेश पांडेय ने न तो जन सुराज को लेकर और न ही प्रशांत किशोर के बारे में कुछ बोला.

“मैंने अपना काम ईमानदारी से किया खैर. अब उसी काम के माध्यम से आप सभी का सेवा जारी रखना है, जिससे आप लोगो ने मुझ जैसे एक मामूली किसान परिवार के लड़के को इतना प्यार दुलार और सम्मान दे कर यहां तक पहुंचाया और इसमें किसी राजनैतिक दल का सक्रिय सदस्य रहकर काम करना बहुत मुश्किल है. इसलिए आज मैं जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं. कम शब्दों में अपनी बात को कहने का प्रयास किया है. उम्मीद है आप लोग समझें.”- रितेश पांडेय, भोजपुरी स्टार

 

6 महीने में छोड़ा प्रशांत किशोर का साथ: रितेश पांडेय का 6 महीने में ही राजनीति और जन सुराज पार्टी से मोहभंग हो गया. पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वह जन सुराज में शामिल हुए थे. 18 जुलाई 2025 को प्रशांत किशोर की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली. प्रशांत किशोर के गृह क्षेत्र से विधानसभा चुनाव भी लड़े लेकिन हार के बाद अब उन्होंने पीके का साथ छोड़ दिया.

 

करगहर से लड़ा था चुनाव: रितेश पांडेय ने रोहतास जिले की करगहर सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ा था. हालांकि उनको हार का सामना करना पड़ा. भोजपुरी स्टार को महज 16,298 वोट मिले और चौथे नंबर पर रहे. 92,485 वोटों के साथ जेडीयू के बशिष्ठ सिंह विजयी रहे, जबकि 56,809 वोट लाकर बीएसपी के उदय प्रताप सिंह दूसरे और 39,333 मतों के साथ कांग्रेस के संतोष कुमार मिश्र तीसरे स्थान पर रहे.