प्रणव अदाणी द्वारा अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट, गुना (मध्य प्रदेश)के भूमिपूजन समारोह में संबोधन
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, माननीय केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, मध्य प्रदेश के माननीय फूड एंड सिविल सप्लाइज मिनिस्टर, श्री गोविंद सिंह राजपूत जी, मध्य प्रदेश के माननीय पावर मिनिस्टर, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी, मध्य प्रदेश सरकार के माननीय अधिकारी, हमारे साथी, सहयोगी और यहाँ उपस्थित सभी लोगों को,
आज गुना की इस पावन धरती पर अदाणी सीमेंट के भूमिपूजन के अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होना, मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। आज का दिन सिर्फ एक प्रोजेक्ट की शुरुआत नहीं है बल्कि यह मध्य प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाला दिन है।

माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को विकास की नई रफ्तार मिली है। सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री और एंप्लॉयमेंट पर है। वर्ष 2025 में राज्य की जीडीपी 15 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा होना, इस बात का सबूत है कि मध्य प्रदेश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी के पीएम गति-शक्ति विजन के तहत यहां लॉजिस्टिक्स, इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्टेशन फैसिलिटीज में जो सुधार हुए हैं, इससे इन्वेस्टमेंट के लिए माहौल बहुत मजबूत बना है।
मैं, माननीय केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी का भी विशेष आभार व्यक्त करता हूँ। आपके सहयोग और प्रयास से हमें काफी मदद मिली। इससे डेवलपमेंट प्लान्स सिर्फ कागज पर ही नहीं, जमीन पर भी जल्दी उतरे हैं। हाल ही में आपने शिवपुरी जिले में अदाणी विकास केंद्र के उद्घाटन कार्यकृम में उपस्थित रहकर हमें प्रोत्साहित किया। साथियों, आज अदाणी ग्रुप, एनर्जी, इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे देश के कई जरूरी क्षेत्रों में काम कर रहा है।
हमारा लक्ष्य सिर्फ कारोबार बढ़ाना नहीं है, बल्कि भारत के विकास में योगदान देना और लोगों के जीवन में असली बदलाव लाना भी है। पिछले साल भोपाल में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हमारे चेयरमैन आदरणीय गौतम अदाणी जी ने मध्य प्रदेश के लिए 1,10,000 करोड़ रुपए के इन्वेस्टमेंट का संकल्प लिया था। यह इन्वेस्टमेंट हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर्स और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाना है। इससे वर्ष 2030 तक 1,20,000 लोगों के लिए नौकरी के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
आज का यह भूमिपूजन, उसी किए गए वादे को जमीन पर उतारने की दिशा में एक मजबूत कदम है। हमारा फोकस गुना जिले के लोगों को नौकरी के नए अवसर देना और सम्मानजनक जीवन देने पर है।
मध्य प्रदेश हमारे लिए पहले से ही बहुत महत्वपूर्ण राज्य रहा है। कटनी जिले में अमेठा और काइमोर प्लांट में हमने 4,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का इन्वेस्टमेंट किया है। मध्य प्रदेश को अदाणी पॉवर 1,200 मेगावॉट बिजली सप्लाई कर रहा है। इसके अलावा 5,600 मेगावॉट की इलेक्ट्रिसिटी जनरेट करने की तैयारी की जा रही है। इससे मध्य प्रदेश में पॉवर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, हमने लाहौरी, धार, रतलाम और उज्जैन में विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए हैं। उज्जैन में भी हम सिमेन्ट प्लांट का जल्द ही भूमिपूजन करेंगे| आज हम गुना में अदाणी सीमेंट के नए प्लांट का भूमिपूजन कर चुके हैं। आज अदाणी सीमेंट की 109 एमटीपीए की कैपेसिटी है और हम लगातार एक्सपेंशन कर रहे हैं। हमारा प्रयास यह है कि प्रोडक्शन और सप्लाई का नेटवर्क ऐसा हो, जिससे लोगों तक हमारी सीमेंट जल्दी पहुँचे, लागत कम हो और गुणवत्ता बनी रहे।
यह प्रोजेक्ट सालाना 40 लाख मेट्रिक टन की कैपेसिटी के साथ दो फेज में बनकर तैयार होगा। फेज-वन को वर्ष 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य है। हम इसे गति, गुणवत्ता और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पूरा करेंगे। इस प्रोजेक्ट में 1,060 करोड़ से ज्यादा का इन्वेस्टमेंट किया जाएगा। यह गुना में अब तक का सबसे बड़ा इन्वेस्टमेंट है। इससे लगभग 1500 लोगों को डायरेक्ट और इंडायरेक्ट एंप्लॉयमेंट मिलेगा। आने वाले समय में यह प्रोजेक्ट स्टेट ट्रेजरी में 6,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का योगदान देगा। लेकिन, मैं यह भी कहना चाहूँगा कि किसी भी प्रोजेक्ट की असली ताकत सिर्फ नंबर्स नहीं होते, असली ताकत होती है बदलाव की, जो लोगों की जिंदगी में आता है। इस प्लांट से आसपास नए स्मॉल बिजनेस, ट्रांसपोर्टेशन, सर्विसेस और लोकल सप्लाई की नई संभावनाएँ उत्पन्न होंगी।
यह सिर्फ सीमेंट प्लांट का इन्वेस्टमेंट नहीं है। यह मध्य प्रदेश के लोगों पर भरोसे का इन्वेस्टमेंट है। यह लोकल यूथ के भविष्य का इन्वेस्टमेंट है। और यह राज्य की प्रगति में पार्टनरशिप का इन्वेस्टमेंट है।
माननीय मुख्यमंत्री जी और माननीय केंद्रीय मंत्री जी, मैं आपका और आपकी सरकार का हृदय से धन्यवाद करता हूँ कि आपके प्रयासों से इंडस्ट्रीज के लिए पॉजिटिव माहौल बना है और फैसलों में तेजी आई है।
अदाणी ग्रुप मध्य प्रदेश के सुनहरे भविष्य के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हम राज्य के विकास में पार्टनर बनकर काम करते रहेंगे और भारत के निर्माण में अपना योगदान देते रहेंगे।




