जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी एवं हीट-वेव प्रबंधन की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

62

रिपोर्ट राहुल गुप्ता
शाहजहांपुर में ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ के फाइनल ड्राफ्ट का किया गया अवलोकन
हथौड़ा चौराहा पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लगेगा ‘वाटर मिस्ट सिस्टम’
शाहजहाँपुर, 18 मार्च 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आगामी मानसून के दृष्टिगत बाढ़ पूर्व तैयारियों और भीषण गर्मी (हीट-वेव) के प्रभावी प्रबंधन को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जनपद की सुरक्षा और जन-सुविधाओं के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए।
बाढ़ प्रबंधन: “शून्य जनहानि” के लक्ष्य पर जोर
जिलाधिकारी ने बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ से निपटने हेतु समस्त आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। मुख्य निर्देश निम्नलिखित रहे:
डाटा अपडेशन: जनपद की समस्त बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों, उपलब्ध नावों और गोताखोरों की सूची को तत्काल अद्यतन किया जाए।
निविदा प्रक्रिया: आवश्यक उपकरणों और राहत सामग्रियों के लिए टेंडर की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाए।
पशु संरक्षण: पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया कि गत वर्ष के बाढ़ अनुभव के आधार पर संवेदनशील गौशालाओं को चिन्हित करें और बाढ़ की स्थिति में पशुओं के लिए पहले से ही सुरक्षित वैकल्पिक स्थान तय कर लिए जाएं।
हीट-वेव प्रबंधन: राहत के लिए ‘वाटर मिस्ट सिस्टम’ का होगा प्रयोग
बढ़ती गर्मी और लू से आम जनमानस को बचाने के लिए ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ के फाइनल ड्राफ्ट का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा:
सार्वजनिक सुविधाएं: सभी प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर, ठंडे पानी के मटके और शेल्टर होम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पायलट प्रोजेक्ट: नवाचार के रूप में हथौड़ा चौराहा पर ‘वाटर मिस्ट सिस्टम’ लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि राहगीरों को तपती गर्मी से तत्काल राहत मिल सके।
जागरूकता अभियान: लू से बचाव के उपायों के लिए व्यापक स्तर पर बैनर, पोस्टर और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाए।
“प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आपदा आने से पूर्व इतनी सुदृढ़ तैयारी करना है कि आम जनजीवन पर इसका न्यूनतम प्रभाव पड़े। बाढ़ और गर्मी दोनों ही स्थितियों में पशुओं का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है।”
बैठक में उपस्थिति बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह, नगर आयुक्त नगर निगम, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), एसपी सिटी सहित समस्त अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका/नगर पंचायत) एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।