8 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा वैशाली जिले का 53वा स्थापना महोत्सव

72

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

वैशाली जिले का 53वां स्थापना महोत्सव 8 फरवरी को, प्रभात फेरी से सांस्कृतिक संध्या तक होंगे विविध आयोजन

 

 

वैशाली जिला के 53वें स्थापना महोत्सव के अवसर पर दिनांक 08 फरवरी 2026 को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रम जिला मुख्यालय, हाजीपुर के निर्धारित स्थलों पर संपन्न होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत अक्षयवट राय स्टेडियम में सुबह सात बजे से प्रभात फेरी के साथ की जाएगी। अमृत सरोवर में दस बजे पूर्वाह्न से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वहीं सदर अस्पताल में 11 बजे पूर्वाह्न से रक्तदान शिविर का आयोजन निर्धारित है। समाहरणालय स्थित पुस्करणी सभागार में साढ़े ग्यारह बजे पूर्वाह्न से जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा संबोधन का कार्यक्रम निर्धारित है।वहीं अक्षयवट राय स्टेडियम में 1.00 बजे अपराह्न से खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दिग्घी स्थित बिहार सुधारात्मक प्रशासनिक संस्थान (बीका) में शाम 5 बजकर 30 मिनट से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी, वैशाली द्वारा उक्त अवसर को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रभारी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रखंड से लेकर अनुमंडल स्तर पर कार्यक्रमों को हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन, समयबद्धता, स्वच्छता एवं प्रशासनिक समन्वय पर विशेष बल दिया गया है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वैशाली ने जिलावासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की है, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्वों को सुदृढ़ किया जा सके।