खटखरी ग्राम से बीमा के नाम पर ठगी का मामला आया सामने

113

 

सिंगरौली से कमलेश शाह की रिपोर्ट

बीमा के नाम पर ठगी का आरोप, विधवा महिला को धमकाने का मामला, FIR न होने से पीड़िता परेशान

सिंगरौली | जिले के खटखरी ग्राम से बीमा के नाम पर ठगी और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम खटखरी निवासी गीता देवी विश्वकर्मा ने कलेक्टर सिंगरौली को शिकायती आवेदन देकर आरोप लगाया है कि धर्मेंद्र शाह नामक व्यक्ति द्वारा LIC बीमा योजना के नाम पर ₹70,000 की राशि हड़प ली गई।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उनके पति स्वर्गीय रामायण विश्वकर्मा से बीमा कराने के नाम पर पैसे लिए थे। बाद में उनके पति की मृत्यु हो जाने पर आरोपी ने बीमा पॉलिसी के तहत ₹10 लाख अथवा ₹1.40 लाख की राशि मिलने का झांसा दिया, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी कोई भुगतान नहीं किया गया।

आरोप है कि जब पीड़िता ने अपनी राशि के संबंध में पूछताछ की, तो आरोपी द्वारा लगातार फोन काटने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता का कहना है कि उसने इस संबंध में पुलिस चौकी 181 हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध IPC की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।

इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे मामलों में ठगी करने वालों के हौसले और बढ़ेंगे।