सिंगरौली। ग्राम पंचायत गोभा के ननियागढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बनती जा रही है। बारिश के कारण रामकेश नाई का मकान दोबारा गिर गया, जिससे परिवार के सामने अब रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

बताया जा रहा है कि रामकेश का मकान पहले भी गिर चुका था, लेकिन नुकसान के बावजूद अब तक मुआवजा नहीं मिल सका। ऐसे में दोबारा मकान गिरने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। घर का आशियाना छिन जाने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होने की स्थिति में पहुंच गया है।
पीड़ित परिवार ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा, “पहले भी घर गिरा था, उसका मुआवजा नहीं मिला। अब फिर घर गिर गया है। रहने तक का घर नहीं बचा, अब हम जाएं तो जाएं कहां?”
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर राजस्व अमले को भेजकर मकान के नुकसान का सर्वे कराया जाए और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जब तक परिवार को आवास की व्यवस्था नहीं होती, तब तक अस्थायी रूप से सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराने की मांग की गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहले हुए नुकसान का मुआवजा अब तक क्यों नहीं मिला और दोबारा मकान गिरने के बाद प्रशासन पीड़ित परिवार की मदद के लिए कब तक मौके पर पहुंचेगा?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाता है।





