समीम बेग /बेलाल अहमद की रिपोर्ट
सोनभद्र/यूपी। सिंगरौली के जयंत स्थित कंचन ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक डकैती में शामिल एक आरोपी को अनपरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वैलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर संचालक और मौजूद लोगों को धमकाया तथा मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के दौरान फायरिंग में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
घटना के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने आसपास के राज्यों को अलर्ट किया। इसी दौरान सोनभद्र पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक डी-प्लांट रोड, डिबुलगंज-बेलवादह पिकनिक स्पॉट मोड़ के पास दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में रोशन कुमार स्वीपर (25) के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका साथी राहुल स्वीपर जंगल की ओर भाग निकला।
आरोपी के पास से क्या मिला?
▪️ .32 बोर की अवैध पिस्टल
▪️ 2 खोखा कारतूस
▪️ ₹50 हजार नकद
▪️ सोने के आभूषण
▪️ की-पैड मोबाइल
▪️ बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे बाइक
पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों पर कंचन ज्वैलर्स के टैग मिले हैं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने डकैती में दो अपाचे मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल की जानकारी दी है। पुलिस अब फरार आरोपी और डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के साथ शेष लूटे गए माल की बरामदगी में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें सोनभद्र, झारखंड और मध्य प्रदेश में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं मुठभेड़, बरामदगी और आरोपी के आपराधिक इतिहास से जुड़ी बातें पुलिस के आधिकारिक दावे पर आधारित हैं। मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे जारी है।






