अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी

179

 

सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील, दोबारा अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

सिंगरौली, 3 सितम्बर 2026/ नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशानुसार निगम के अतिक्रमण दस्ते ने उपायुक्त श्री आर.पी. बैस के नेतृत्व में शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस का भी सहयोग रहा।

नगर निगम द्वारा कार्रवाई से पूर्व संबंधित अतिक्रमणकारियों को अनाउंसमेंट के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी गई थी। इसके बाद सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। फिलहाल जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गई है तथा हटाए गए सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।

 

उपायुक्त श्री आर.पी. बैस ने बताया कि शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण तथा यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। अतिक्रमण हटाए जाने से आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के पश्चात संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी भी की जाएगी। दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।

उपायुक्त ने व्यापारीगण से अपील की कि वे चिन्हित एवं निर्धारित स्थलों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बाद भी दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।