नियुक्ति पर उठे सवालों पर बोले वीरेन्द्र गोयल, कहा- शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा

45

नियुक्ति पर उठे सवालों पर बोले वीरेन्द्र गोयल, कहा- शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा

 

 

सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल ने अपनी नियुक्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और पूर्व में जिला अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वीरेन्द्र गोयल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए यह नया दायित्व सौंपा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियुक्ति पत्र को लेकर जो चर्चा चल रही है, उस संबंध में जिला प्रशासन को शीर्ष नेतृत्व की ओर से आधिकारिक पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद ही वह औपचारिक रूप से दायित्व ग्रहण कर सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर के विकास कार्यों को गति देना होगी और सिंगरौली के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

गौरतलब है कि बीते दिनों सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर वीरेन्द्र गोयल की नियुक्ति का पत्र वायरल होने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही थीं। वहीं भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनसे मुलाकात कर नए दायित्व की शुभकामनाएं दीं।

वीरेन्द्र गोयल के बयान के बाद अब उनकी नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगने की संभावना जताई जा रही है।