अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर सिटी टू विलेज न्यूज
शिक्षा, संस्कृति और खेल के संग मनाया जाएगा बिहार दिवस–2026 : जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह
आगामी बिहार दिवस–2026, जिसका आयोजन दिनांक 22 मार्च से दो दिवसीय रूप में प्रस्तावित है, के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बिहार दिवस को जन-उत्सव के रूप में मनाने हेतु विद्यालय, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विस्तृत कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी विद्यालयों में साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के लिए गणित ओलंपियाड, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, निबंध लेखन, वाद-विवाद, रंगोली, नृत्य एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यालयों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को आमंत्रित कर बिहार के गौरवशाली इतिहास, कला-संस्कृति एवं विकास यात्रा पर चर्चा आयोजित की जाए। छात्र-छात्राओं को स्थानीय ऐतिहासिक स्थलों एवं विकास परियोजनाओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से कार्यक्रमों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति पुलिस अधीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी तथा दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर द्वारा की जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों, एम्बुलेंस एवं एक चिकित्सक दल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अग्निशमन दल की भी प्रतिनियुक्ति कार्यक्रम स्थलों पर सुनिश्चित की जाएगी।
खेल गतिविधियों के अंतर्गत जिला खेल पदाधिकारी द्वारा इस उपलक्ष्य में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम के आयोजन हेतु जी.ए. इंटर महाविद्यालय एवं अक्षयवट राय स्टेडियम को प्रारंभिक रूप से चयनित किया गया है। कार्यक्रम स्थल का अंतिम चयन जिला पदाधिकारी से विमर्श एवं अनुमोदन उपरांत किया जाएगा।
प्रखंड स्तर पर प्रखंड संसाधन केंद्रों एवं अन्य कार्यालयों में साफ-सफाई एवं रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के निर्देश दिए गए। जिला स्तर पर समाहरणालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अपर समाहर्ता (राजस्व) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आयोजन समिति एवं विभिन्न कार्यों के लिए अलग अलग उप समिति गठित कर कार्यक्रम की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार दिवस–2026 को उत्साह, समन्वय एवं जनभागीदारी के साथ मनाते हुए जिले में सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





