अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

वैशाली जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित 53वें वैशाली जिला महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहल की गई। इस अवसर पर जिला अतिथि गृह, हाजीपुर में भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान द्वारा टीबी मरीजों के बीच फूड पैकेट का वितरण किया गया। साथ ही लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे एवं आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराए गए।
इस क्रम में सदर अस्पताल, हाजीपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया। जिला समाहरणालय परिसर में भी जिलाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा टीबी मरीजों को पोषण आहार, निःशुल्क चश्मे एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूती मिली।
जिला महोत्सव के अवसर पर वैशाली जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों में टीबी मरीजों को पोषण आहार, चश्मा वितरण, आयुष्मान गोल्डन कार्ड के साथ-साथ आमजन के लिए बीपी, मधुमेह एवं हीमोग्लोबिन की जांच तथा निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीपीसी, आयुष्मान भारत एवं अन्य कर्मियों के समन्वय से इस कार्यक्रम को सफल बनाया गया। वहीं प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य प्रबंधकों की देखरेख में स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में यह पहल जिला महोत्सव को जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सेवा का सशक्त मंच बनाने में सफल रही।





