अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के कुशल, दूरदर्शी एवं प्रभावी नेतृत्व में वैशाली जिले में औद्योगिक विकास एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जिला प्रशासन द्वारा उद्योग विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर निवेश अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे वैशाली जिला तेजी से एक उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इन प्रयासों के फलस्वरूप जिले में निवेश, रोजगार सृजन एवं उद्यमिता को नई दिशा और गति प्राप्त हुई है।
हाल के दिनों में माननीय मुख्यमंत्री के वैशाली भ्रमण के दौरान ZEEL वैशाली, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज एवं कॉम्पिटेंस शूज़ जैसी प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिले की औद्योगिक संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से रेखांकित किया गया, जिससे निवेशकों में विश्वास बढ़ा है और वैशाली में नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं और अधिक सुदृढ़ हुई हैं।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की स्थापना हेतु लगभग 1243 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया को तीव्र गति प्रदान की गई है। औद्योगिक पार्क के स्थापित होने से बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आकर्षित होगा तथा हजारों स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे जिले की आर्थिक संरचना को मजबूती मिलेगी।
स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में PMEGP, PMFME, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना (MMUY) एवं बिहार लघु उद्यमी योजना (BLUY) का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024–25 में बिहार लघु उद्यमी योजना के अंतर्गत जिले में 1890 लाभुकों का चयन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वैशाली जिले ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन की प्रशासनिक दक्षता, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
इन सभी पहलों एवं प्रयासों के परिणामस्वरूप वैशाली जिले की औद्योगिक पहचान निरंतर सुदृढ़ हो रही है और जिला आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई ऊंचाई की ओर अग्रसर है।





