अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के सक्षम एवं दूरदर्शी नेतृत्व में जिले की महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं जल संसाधन परियोजनाओं को साकार करने की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इनके मार्गदर्शन में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रियाओं को पारदर्शी, समयबद्ध एवं विधिसम्मत रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे जिले के समग्र विकास को नई गति मिल रही है।
औद्योगिक पार्क की स्थापना
वैशाली जिले में औद्योगिक विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राजापाकर, जंदाहा एवं महुआ अंचल के कुल 11 मौजों में औद्योगिक पार्क की स्थापना हेतु बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) से 1245.43 एकड़ भूमि की अधियाचना प्राप्त हुई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन (SIA) का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा विशेषज्ञ समिति का गठन भी कर दिया गया है। विशेषज्ञ समिति से प्रतिवेदन प्राप्त होते ही भू अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन अधिनियम, 2013 की धारा 11U के अंतर्गत प्रारंभिक अधिसूचना का प्रकाशन किया जाएगा। औद्योगिक पार्क के स्थापित होने से बड़े पैमाने पर निवेश, रोजगार सृजन एवं औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
बरैला झील में जल संचयन हेतु चैनल निर्माण परियोजना
जिलाधिकारी के नेतृत्व में जल संसाधन प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में वैशाली जिले की महत्वपूर्ण परियोजना बरैला झील में जल संचयन क्षमता बढ़ाने हेतु चैनल निर्माण के लिए महुआ, पातेपुर एवं जंदाहा अंचल के 6 मौजों में कुल 49.63 एकड़ भूमि अधिग्रहण की अधियाचना जल निस्सरण प्रमंडल, हाजीपुर से प्राप्त हुई है। इस परियोजना के लिए भी सामाजिक प्रभाव आकलन (SIA) का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा विशेषज्ञ समिति के गठन का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। समिति से प्रतिवेदन प्राप्त होते ही भू अर्जन अधिनियम, 2013 की धारा 11U के तहत प्रारंभिक अधिसूचना निर्गत की जाएगी। इस परियोजना से जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा एवं पर्यावरणीय संतुलन को मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में इन दोनों परियोजनाओं का क्रियान्वयन न केवल वैशाली जिले के औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि रोजगार, जल संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भी जिले को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





