हाजीपुर में दूसरे दिन भी श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन

44

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश के आलोक में आज दिनांक 05 फरवरी 2026 को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से Competence Exports Pvt. Ltd., ई.पी.आई.पी., औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर के परिसर में श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार के शिविर का आज दूसरा दिन है।

 

शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी प्रदान कर श्रमिकों एवं कामगारों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करना है। शिविर के दौरान विभागीय पदाधिकारियों द्वारा कंपनी में कार्यरत श्रमिकों की कार्य अवधि, वेतन भुगतान, पी.एफ. एवं ई.एस.आई.सी. से संबंधित विवरणों की जांच की गई तथा श्रमिकों के बयान भी दर्ज किए गए।

शिविर में उपस्थित श्रमिकों में से 25 श्रमिकों का ई-श्रम कार्ड बनाया गया। विदित हो कि ई-श्रम कार्ड 16 से 60 वर्ष आयु वर्ग के उन श्रमिकों के लिए बनाया जाता है जिनका पी.एफ. एवं ई.एस.आई.सी. में निबंधन नहीं होता है। जांच के क्रम में यह पाया गया कि अधिकांश श्रमिकों का पी.एफ. एवं ई.एस.आई.सी. कटौती की जा रही है। वहीं कंपनी प्रबंधन द्वारा आश्वस्त किया गया कि जिन श्रमिकों का पी.एफ. एवं ई.एस.आई.सी. निबंधन नहीं हुआ है, उनके संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार आने वाले समय में औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर के अन्य प्रतिष्ठानों में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में दिनांक 06 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को Britannia Industries Ltd., औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन प्रस्तावित है।

 

उक्त अवसर पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के शिविर के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

 

शिविर में श्री शशि कुमार सक्सेना, श्रम अधीक्षक, वैशाली; श्री पंकज कुमार, कारखाना निरीक्षक, हाजीपुर; सुश्री स्नेहा, प्रोजेक्ट मैनेजर, जिला उद्योग केन्द्र, हाजीपुर; श्रीमती स्नेहा शिवानी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, हाजीपुर सहित श्रम अधीक्षक कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।