जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम

109

 

 

अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

 

बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज

 

जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में आज वैशाली जिले के सभी अंचल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (ADM) एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) भी उपस्थित रहे। राजस्व एवं भूमि से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा समयबद्ध निष्पादन हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने लंबित दाखिल-खारिज वादों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

परिमार्जन से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।

 

लगान वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा राजस्व संग्रहण में तेजी लाने पर बल दिया।

 

ई-मापी अभियान के अंतर्गत सभी लंबित नापी वादों को 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से निष्पादित करते हुए शत-प्रतिशत क्लियर करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि अभियान अवधि के भीतर एक भी लंबित नापी प्रकरण शेष नहीं रहना चाहिए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

 

साथ ही अभियान बसेरा के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु सभी अंचल अधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

 

फार्मर रजिस्ट्री कार्य की दैनिक प्रगति सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) के लाभुकों का पंजीकरण कराते हुए कम-से-कम 50 प्रतिशत लक्ष्य की शीघ्र पूर्ति करने का भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।

 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की दैनिक समीक्षा करें, प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।