अविनाश रंजन स्टेट ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
बिहार वैशाली हाजीपुर न्यूज सिटी टू विलेज
जिला पदाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह के सशक्त नेतृत्व एवं स्पष्ट निर्देशों के तहत वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाई जिले भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। लंबे समय से हाजीपुर शहर सहित जिले के विभिन्न प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को गंभीर यातायात जाम और असुविधा का सामना करना पड़ रहा था, जिसका अब ठोस और प्रभावी समाधान सामने आया है।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत हाजीपुर शहर, महुआ बाजार, लालगंज बाजार, महनार बाजार, देसरी उफरौल चौक, जंदाहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर वर्षों पुराने अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के दौरान अवैध ठेले, अस्थायी दुकानें, सड़कों पर फैला सामान एवं अनधिकृत बैनर-होर्डिंग हटाए गए, जिससे बाजार क्षेत्रों की सड़कें और फुटपाथ पूरी तरह से मुक्त हो सके।
इस निर्णायक कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिले की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। जहां पहले घंटों जाम की स्थिति बनी रहती थी, वहां अब वाहनों की आवाजाही सुचारु एवं सहज हो गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों बाद प्रशासन ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की है, जिससे आमजन को वास्तविक राहत मिली है।
जिले में यह अभियान जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की कार्यशैली और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण बन गया है। आम नागरिक उनकी इस पहल की सराहना करते हुए इसे साहसिक, दूरदर्शी और जनकल्याणकारी कदम बता रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में भविष्य में भी अतिक्रमण के विरुद्ध सतत एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि वैशाली जिला जाममुक्त, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुगम बना रहे।





