कांग्रेस नेता संदीप शाह पर महिला चौकी प्रभारी से अभद्रता का आरोप, पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया

93

 कांग्रेस नेता संदीप शाह पर महिला चौकी प्रभारी से अभद्रता का आरोप, पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया

 

जिला सिंगरौली। खनिज संपदा के लिए पहचान रखने वाले सिंगरौली जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर विवाद लगातार सामने आते रहे हैं। कई बार बालू कारोबार से जुड़े गुटों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच चुका है। अब ताजा मामला कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह से जुड़ा सामने आया है। शुक्रवार रात बालू को लेकर ठेकेदार पक्ष के कुछ लोगों और संदीप शाह के बीच कहासुनी होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि विवाद के बाद गोली चलने की बार बार झूठी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई और इसके बाद शासन चौकी में महिला चौकी प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार की स्थिति बनी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने संदीप शाह को बुलाकर पूछताछ की।

 

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात बालू के मुद्दे पर संदीप शाह और ठेकेदार पक्ष के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान संदीप शाह ने पुलिस अधीक्षक को कई बार फोन कर गोली चलने की झूठी सूचना दी। इसके बाद वह शासन चौकी पहुंचे, जहां महिला चौकी प्रभारी के साथ कथित अभद्रता किए जाने का आरोप सामने आया। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदीप शाह को पूछताछ के लिए बुलाया।

 

सीएसपी ने कहा—महिला अधिकारी से अभद्रता की शिकायत पर बुलाया

मामले को लेकर सीएसपी हेमंत कुमार ने बताया कि संदीप शाह की ओर से गलत सूचना दिए जाने और महिला अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी। इसी सिलसिले में उन्हें बुलाकर पूछताछ की गई। उन्होंने मामले में आगे कार्रवाई किए जाने की भी बात कही है। हालांकि, गोली चलने की सूचना की वास्तविकता और महिला अधिकारी के साथ कथित अभद्रता के संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है।

 

छह पुराने अपराधों में अलग-अलग धाराओं में दर्ज हैं प्रकरण

इस पूरे घटनाक्रम के बीच विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी में संदीप शाह के नाम से सामने आए पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2020 से 2026 के बीच वैढ़न थाने में दर्ज छह अपराधों की जानकारी सामने आया है। रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2020 के अपराध क्रमांक 758 में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 143, 188, 269 और 270 के साथ महामारी अधिनियम की धारा 3 एवं 4 दर्ज हैं। वहीं वर्ष 2021 के अपराध क्रमांक 1321 में IPC की धारा 294 और 506, जबकि वर्ष 2022 के अपराध क्रमांक 1612 में धारा 147, 149 और 341 का उल्लेख है। वर्ष 2023 के अपराध क्रमांक 1762 में IPC की धारा 336 दर्ज बताई गई है।

 

इसी क्रम में वर्ष 2025 के अपराध क्रमांक 255 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 189(2), 296 और 351(3) तथा वर्ष 2026 के अपराध क्रमांक 792 में BNS की धारा 115(2), 126(2), 296(b), 3(5), 324(4) और 351(3) का उल्लेख है।

 

इन धाराओं में गैरकानूनी जमावड़ा, लोक सेवक के आदेश की अवहेलना, रास्ता रोकने, अश्लील व्यवहार, धमकी, दंगा, चोट पहुंचाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कृत्यों से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। हालांकि, इन सभी प्रकरणों की मौजूदा स्थिति और न्यायालय में उनके निस्तारण की जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस रिकॉर्ड में अपराध दर्ज होना अपने आप में दोषसिद्धि नहीं माना जाता।

 

बालू परिवहन को लेकर विवादों पर भी उठ रहे सवाल

सिंगरौली में बालू के उत्खनन और परिवहन को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनती रही है। ऐसे में शुक्रवार रात हुई घटना ने एक बार फिर रेत कारोबार से जुड़े विवादों और उनमें सामने आने वाले टकराव को चर्चा में ला दिया है। पुलिस के सामने अब गोली चलने की सूचना, ठेकेदार पक्ष से विवाद और महिला चौकी प्रभारी के साथ कथित अभद्रता के सभी पहलुओं की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। फिलहाल पुलिस की ओर से पूछताछ और आगे कार्रवाई की बात कही गई है।

 

संदीप शाह ने आरोपों को बताया झूठा, बोले—मुझे थाने भी नहीं बुलाया गया

वहीं, जब इस पूरे मामले को लेकर संदीप शाह से उनका पक्ष जानने के लिए बात की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की घटना से इनकार किया। उनका कहना है कि ऐसा कोई मामला हुआ ही नहीं है और उन्हें पुलिस ने थाने भी नहीं बुलाया। संदीप शाह के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ लोग बालू का अवैध परिवहन कर रहे थे, जिन्हें गांव के लोगों ने रोका था। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप झूठे हैं।