गोभा चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी डस्टर SUV से 170 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त
समीम बेग की रिपोर्ट
जिला सिंगरौली। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “नशामुक्ति अभियान 2.0” के तहत गोभा चौकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी डस्टर एसयूवी से 170 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 5 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए “नशामुक्ति अभियान 2.0” प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गोभा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक भूरे रंग की डस्टर कार क्रमांक HR-26-BX-9941 में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब भरकर छत्तीसगढ़ की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही गोभा चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम बरहपान के पास घेराबंदी की। पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिए जाने के बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए वाहन का पीछा किया और ग्राम मुड़वनिया के पास उसे घेरकर पकड़ लिया।
वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सोनू यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम धुई, थाना रमकोला, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) बताया। पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली, जिसमें डस्टर कार के भीतर 18 पेटी गोवा व्हिस्की एवं 1 पेटी 8 पीएम (8PM) ब्रांड की विदेशी शराब रखी मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 170 लीटर पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा शराब तस्करी में प्रयुक्त डस्टर एसयूवी वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार जब्त शराब एवं वाहन की कुल कीमत लगभग 5 लाख 25 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि सिंगरौली पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। गोभा चौकी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल शराब तस्करों के लिए एक कड़ा संदेश है, बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक सजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भगवान दास प्रजापति, प्रधान आरक्षक रविंद्र तोमर, प्रधान आरक्षक नीरज सिंह, आरक्षक सुमन अवस्थी, आरक्षक इस्लाम अंसारी, आरक्षक गौरव यादव तथा आरक्षक संदीप जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की तत्परता एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा व्यक्त की गई है।





