सरई पुलिस ने 5 लाख के चोरी के लोहे के साथ पिकअप जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

135

सरई पुलिस ने 5 लाख के चोरी के लोहे के साथ पिकअप जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 

जिला सिंगरौली।सरई पुलिस ने चोरी के लोहे का परिवहन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पिकअप वाहन सहित लगभग 5 लाख रुपये कीमत का लोहा जप्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मरस्कोले की टीम ने यह कार्रवाई की है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक MP66G2248 का चालक चोरी का लोहा लोड कर रेलवे स्टेशन रोड सरई से कस्बे की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाह रामनरेश जायसवाल और प्रमोद गुप्ता के साथ रेलवे तिराहा सरई पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद उक्त पिकअप आती दिखी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप के अंदर छड़, एंगल, सरिया, मशीनरी के पार्ट्स, लोहे का खंभा सहित काफी मात्रा में पुराना लोहा भरा हुआ मिला। चालक से कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जितेन्द्र कुमार गुप्ता पिता कन्हैयालाल गुप्ता उम्र 23 वर्ष, निवासी रेलवे स्टेशन रोड सरई, थाना सरई जिला सिंगरौली बताया। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन और लोहा जप्त कर लिया है। इस मामले में  इस्तगासा क्रमांक 01/2026 धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बताया गया कि आरोपी आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ थाना सरई में पहले से ही अपराध क्रमांक 203/23 और 746/23 धारा 379,34 के तहत मामले दर्ज हैं।

सराहनीय भूमिका

सउनि बबन सिंह, प्रधान आरक्षक 249 लक्ष्मीकांत साहू, 91 अनुराग मिश्रा, आरक्षक 621 महेश गुर्जर और 661 मयंक हिरवाने की महत्वपूर्ण भूमिका रही।